घासा के देबारी पावर हाउस स्थित जोगनिया माता मंदिर परिसर में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ खंड घासा की साधारण सभा की बैठक दो सत्रों में आयोजित की गई। इस बैठक में पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर आगामी तीन साल के लिए 20 सदस्यीय नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। खण्ड अध्यक्ष भीम सिंह राव की अध्यक्षता में हुए प्रथम सत्र में वक्ताओं ने संगठन की नीतिगत गतिविधियों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी पर आभार व्यक्त किया। इसके बाद पुरानी कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से भंग कर दिया गया। 20 सदस्यीय टीम बनाई द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि खण्ड पालक वगत राम शर्मा ने पांच प्रमुख पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत ने सर्वसम्मति से विभिन्न शैक्षणिक वर्गों के 15 प्रतिनिधियों का मनोनयन कर 20 सदस्यीय टीम को पूरा किया। कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र तेली ने किया। संभाग संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह सारंगदेवोत ने अपने संबोधन में 'राष्ट्र प्रथम' का संदेश दिया और छात्रों को संत रविदास के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि महासंघ 13 लाख 50 हजार सदस्यों के साथ देश का सबसे बड़ा शिक्षक संगठन है। महासंघ मूल शैक्षणिक कार्यों के अतिरिक्त महिला प्रकोष्ठ, पर्यावरण, सेवा, प्रशिक्षण, मीडिया और समर्थ भारत आयाम जैसे 15 प्रमुख प्रकोष्ठों के माध्यम से निरंतर राष्ट्र सेवा के कार्य कर रहा है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह झाला, जिला मंत्री मंगल कुमार जैन, संभाग संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह सारंगदेवोत, मीडिया प्रभारी गोपाल मेहता मेनारिया और वरिष्ठ शिक्षक नेता जगदीश शर्मा सहित कई गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।