हनुमानगढ़ के फेफाना गांव में दो युवकों की आईडी, फोटो और मोबाइल सिम का दुरुपयोग कर फर्जी बैंक खाते खुलवाने और उनमें लाखों रुपए का लेन-देन करने का मामला सामने आया है। इसका खुलासा तब हुआ, जब दोनों युवकों को आयकर विभाग से नोटिस मिला। मामले में कोर्ट में शिकायत के बाद फेफाना थाना पुलिस ने एक नामजद आरोपी और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाहर काम दिलाने का झांसा देकर मांगी आईडी और सिम पुलिस के अनुसार, फेफाना निवासी सुनील (20) और अमन (21) ने कोर्ट में शिकायत दी है। दोनों ने बताया कि करीब दो साल पहले उनकी गांव के मनीष इन्दोरिया से जान-पहचान हुई थी। मनीष ने उन्हें बाहर काम करने और बड़े लोगों से संपर्क होने की बात कही थी। इसी दौरान उसने दोनों से मोबाइल सिम, फोटो और आईडी मांगी। शिकायत के मुताबिक, मनीष ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि इन दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। 2 अगस्त को आया आयकर विभाग का नोटिस शिकायतकर्ताओं के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को उन्हें भारत सरकार के वित्त मंत्रालय/आयकर विभाग से नोटिस मिला। इसके बाद 3 अगस्त को वे श्रीगंगानगर स्थित आयकर कार्यालय पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि उनकी आईडी, फोटो और सिम के आधार पर कई बैंक खाते खोले गए हैं और इन खातों से लाखों रुपए का लेन-देन किया गया है। कहा-फेफाना के SBI खाते के अलावा कहीं खाता नहीं दोनों युवकों ने बताया कि उनका फेफाना स्थित भारतीय स्टेट बैंक में सिर्फ एक बैंक खाता है। उन्होंने फेफाना के अलावा किसी अन्य स्थान पर बैंक खाता खुलवाने या उसमें लेन-देन करने से इनकार किया है। उनका आरोप है कि मनीष ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उनकी आईडी का दुरुपयोग किया और फर्जी खाते खुलवाकर उनमें लेन-देन किया। लेन-देन की रकम भी नहीं मिली शिकायत में दोनों युवकों ने कहा कि फर्जी खातों से हुए लेन-देन से जुड़ी कोई भी रकम उन्हें या उनके परिवार को नहीं मिली। ऐसे में उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बैंक खातों और दस्तावेजों की जांच करेगी पुलिस पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी सहायक उपनिरीक्षक भंवरलाल को सौंपी गई है। अब पुलिस संबंधित बैंक खातों, उनमें हुए लेन-देन, इस्तेमाल किए गए आईडी दस्तावेजों और नामजद आरोपी के साथ अन्य अज्ञात लोगों की भूमिका की जांच करेगी।