हनुमानगढ़ जिला कारागृह में तलाशी अभियान के दौरान 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। ये फोन शौचालय की टूटी हुई टाइल के नीचे छिपाकर रखे गए थे। इस मामले में जेल प्रशासन ने हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। प्रहरी रामनारायण बिश्नोई (40) की रिपोर्ट के अनुसार, यह तलाशी अभियान 30 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलाया गया था। अधीक्षक के आदेश पर कारापाल राजेश कुमार मीना, उपकारापाल बलजीत गोदारा, सहायक कारापाल बलकरण सिंह, रिलीफ इंचार्ज कमलेश मीणा और तलाशी स्टाफ प्रहरी धर्मपाल व विवेक ने ड्यूटी स्टाफ के साथ मिलकर वार्ड नंबर 4 की बैरक नंबर 6 में यह कार्रवाई की। दोनों मोबाइल में नहीं मिली सिम तलाशी के दौरान शौचालय की टूटी हुई टाइल के नीचे से 2 मोबाइल फोन मिले। दोनों मोबाइल फोन बैटरी और दो डाटा केबल के साथ बरामद हुए। हालांकि, बरामद मोबाइलों के आईएमईआई नंबर और सिम नंबर उपलब्ध नहीं थे। जेल प्रशासन ने बरामद मोबाइल फोन, बैटरी और डाटा केबल की फर्द जब्ती तैयार कर पुलिस को सौंप दी। रिपोर्ट में अनुरोध किया गया है कि इन मोबाइलों के कॉल रिकॉर्ड प्राप्त कर यह जांच की जाए कि कहीं इनका इस्तेमाल किसी आपराधिक गतिविधि में तो नहीं हुआ। इस रिपोर्ट के आधार पर हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस थाने में कारागार अधिनियम की धारा 42 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।