हनुमानगढ़ जिले की भिरानी थाना पुलिस ने लगभग 1 साल पुराने मारपीट और हत्या के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को हिसार जिले के अग्रोहा से पकड़ा है। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार वांछित आरोपी आर्यन (21) पुत्र सुनील कुमार जाट निवासी अग्रोहा, जिला हिसार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से मामले के संबंध में पूछताछ और आगे की जांच जारी है। यह घटना 5 अगस्त 2025 को हुई थी। अजितपुरा निवासी 60 वर्षीय बाबूलाल पुत्र परसराम सुनार ने अपने बयान में बताया था कि वह अजितपुरा से करीब 3 किलोमीटर दूर अमरपुरा रोड पर अपने खेत में स्प्रे कर रहा था। इसी दौरान 2-3 लोग गाड़ी में पानी डालने के बहाने उसके पास आए। मारपीट कर हो गए थे फरार इसके बाद आरोपियों ने बाबूलाल को पकड़ लिया और लोहे की रॉड से बेरहमी से मारपीट करने लगे। बाबूलाल ने जब उनसे मारपीट का कारण पूछा तो आरोपियों ने कहा कि यदि उसे नहीं मारेंगे तो जगदीश उन्हें पैसे नहीं देगा। आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं होने के कारण आरोपी मारपीट करने के बाद मौके से फरार हो गए। इस मारपीट में बाबूलाल गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए थे। पीड़ित ने अस्पताल में तोड़ा था दम होश में आने के बाद बाबूलाल ने अपने बेटे रमेश को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजन उन्हें सरकारी अस्पताल भादरा ले गए, जहां से विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए जयपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बाबूलाल की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी थी। 6 आरोपी पहले हो चुके गिरफ्तार पुलिस इस मामले में पहले ही जगदीश, आजाद, ललित, रोहताश बिडासरा, राजेश कुमार उर्फ तोता और राहुल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। अब आरोपी आर्यन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे घटना में उसकी भूमिका और अन्य आरोपियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।