हनुमानगढ़ की नई धान मंडी में शुक्रवार को नरमे की पहली आवक हुई। 'सफेद सोने' के नाम से मशहूर नरमे की पहली ढेरी 8511 रुपए प्रति क्विंटल के भाव बिकी। इसे कोहला गांव के किसान गुरचरण सिंह लेकर पहुंचे थे। इस आवक से मंडी में किसानों, आढ़तियों और व्यापारियों में उत्साह का माहौल बन गया। नरमे की यह पहली ढेरी दुकान नंबर 69बी, लक्ष्मी ट्रेडिंग कंपनी पर पहुंची। नियमानुसार बोली प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें गणपति इंडस्ट्रीज ने इसे खरीदा। सीजन की शुरुआत में मिले इस अच्छे भाव से किसान गुरचरण सिंह काफी खुश दिखे। मंडी में मौजूद दूसरे किसानों और आढ़तियों ने भी इस भाव पर खुशी जताई। 'अच्छा भाव किसानों के लिए उत्साहजनक' व्यापारियों का कहना है कि नरमे को मिला यह अच्छा भाव किसानों के लिए उत्साहजनक है। अगर मौसम ठीक रहा तो आने वाले दिनों में मंडी में नरमे की आवक और बढ़ सकती है। पहली ढेरी को मिले बेहतर भाव से नई फसल के प्रति किसानों में सकारात्मक माहौल बना है। इस मौके पर नई फसल का स्वागत करने के लिए स्थानीय व्यापार जगत से कई लोग मौजूद थे। इनमें फूडग्रेन मर्चेंट्स एसोसिएशन के सचिव दिलीप सिंह ढिल्लों, कोषाध्यक्ष प्रवीण तलवाड़िया, सुभाष जुनेजा, विकास जुनेजा, प्यारेलाल काठपाल, सौरभ जिंदल, जगपाल सिंह, सुभाष सिंगला, राज सोडा और सुरेश जुनेजा शामिल थे। व्यापारियों ने किसान गुरचरण सिंह का मुंह मीठा करवाकर नए मंडी सीजन की शुभकामनाएं दीं। पहली ढेरी को मिले अच्छे भाव ने मंडी में आने वाले दिनों में नरमे की आवक और कारोबार को लेकर उम्मीदें बढ़ा दी हैं।