हनुमानगढ़ पुलिस ने नशा तस्करी से कमाई गई संपत्ति पर कार्रवाई की है। पुलिस ने करीब 45 लाख रुपए कीमत की 0.537 हेक्टेयर कृषि भूमि को NDPS एक्ट की धारा 68-F के तहत फ्रीज कर दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक आदित्य ने बताया कि यह कार्रवाई 4 सितंबर 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद की देखरेख में और वृत्ताधिकारी हनुमानगढ़ मीनाक्षी के नेतृत्व में की गई। सदर थाना प्रभारी राजीव रॉयल ने पुलिस टीम के साथ आरोपी गगनदीप सिंह उर्फ गग्गू पुत्र स्व. कौर सिंह बराड़, निवासी वार्ड नंबर 10 उत्तमसिंहवाला, थाना सदर हनुमानगढ़ के खिलाफ यह एक्शन लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक बड़ा नशा तस्कर है। उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत तीन केस दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2023 में दर्ज मामले की जांच के दौरान उसकी संपत्ति और आय के स्रोतों की पैसे के लेनदेन संबंधी जांच की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी की कोई वैध कमाई का जरिया नहीं मिला। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिछले कई सालों से नशा तस्करी करता है। नशे के कारोबार से कमाए पैसों से उसने चक 7 यूटीएस में 0.537 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीदी थी। इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने बताया कि 20 अप्रैल 2023 को उस समय के एएसआई लखवीर सिंह ने टीम के साथ आरोपी गगनदीप सिंह उर्फ गग्गू और मांगीलाल को एक कार में 100 किलो डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से कार भी जब्त की गई थी। इस संबंध में थाना सदर हनुमानगढ़ में NDPS एक्ट की धारा 8/15 व 25 के तहत केस नंबर 125/2023 दर्ज किया गया था। पुलिस अब नशा तस्करी से कमाई गई अन्य संपत्तियों की भी जांच कर रही है। इस अभियान के तहत अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।