हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी थाना क्षेत्र में युवक की मौत मामले में रिपोर्ट दर्ज होने पर कई अहम खुलासे पीड़ित द्वारा किए गए हैं। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर टिब्बी थाने में हत्या समेत एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीओ संगरिया शंकर को सौंपी गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तार चोरी का आरोप लगाकर 3 युवकों के साथ रातभर लाठी-डंडों से मारपीट की गई। इसी दौरान एक युवक के पेट में गंभीर चोट लगी और बाद में उसकी मौत हो गई। बाइक से लौट रहे थे 3 लोग दरअसल, चक 5 एनजीआर नगराना निवासी दीपक कुमार ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 31 अगस्त की शाम वह अपने बड़े भाई महेन्द्र और दोस्त सुखचौन उर्फ चेनी के साथ बाइक से फतेहपुर गया था। वहां से तीनों वापस लौट रहे थे। रास्ते में बाइक का गियर खराब हो गया, जिसे ठीक करने के बाद वे आगे रवाना हुए। शिकायत के मुताबिक, रात करीब 11 बजे किन्नुओं के बाग के पास एक व्यक्ति बाइक से आया और उसने खुद को महेन्द्र नायक बताया। इसके बाद उसने फोन कर संदीप जाट को मौके पर बुलाया। आरोप है कि 2 कारों में 5-6 लोग वहां पहुंचे और आते ही तीनों युवकों पर तार चोरी का आरोप लगाकर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। नहर के पुल के पास ले जाकर जमकर पीटा दीपक ने आरोप लगाया कि तीनों को जबरन कार में बैठाकर नहर के पुल के पास ले जाया गया, जहां फिर मारपीट की गई। इस दौरान आसपास के खेतों से 20-25 लोग भी मौके पर पहुंच गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन लोगों ने भी उनके साथ मारपीट की और गालियां निकाली। रिपोर्ट में राहुल पुत्र सतपाल तरड़, रमेश पुत्र दीनदयाल गोस्वामी और राजेन्द्र जाट सहित कई लोगों के नाम बताए गए हैं। वहीं 15-20 अन्य लोगों के नाम-पते की जानकारी नहीं होने की बात कही गई है। सुबह 4 बजे तोड़ा दम शिकायत के अनुसार, मारपीट के दौरान महेन्द्र के पेट में गंभीर चोट लगी। उसे अस्पताल ले जाने की बात कहने पर कथित तौर पर आरोपियों ने मना कर दिया। करीब सुबह 4 बजे महेन्द्र की मौत हो गई। इसके बाद दोनों घायल युवकों को बाइक पर बैठाकर ले जाने का आरोप है। रास्ते में चेनी की तबीयत बिगड़ने पर बाइक रोक दी गई और महेन्द्र का शव सड़क पर रख दिया गया। इसके बाद दीपक ने 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को टिब्बी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जबकि शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा दीपक की रिपोर्ट के आधार पर टिब्बी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में हत्या और एससी-एसटी एक्ट के प्रावधान लगाए गए हैं। इसकी जांच सीओ संगरिया शंकर को सौंपी गई है। अब पुलिस आरोपों की जांच, पोस्टमॉर्टम व मेडिकल रिपोर्ट और घटना से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।