नगरीय निकाय चुनाव-2026 ड्यूटी प्रशिक्षण से गैरहाजिर रहना 9 कार्मिकों को भारी पड़ गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर संदेश नायक ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों चरणों के प्रशिक्षण में गैरहाजिर रहे सभी 9 कर्मचारियों को राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 17 के तहत चार्जशीट थमा दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कार्मिकों का जवाब संतोषप्रद नहीं रहा, तो लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।दो बार मौका दिया, फिर भी नहीं पहुंचे : प्रशासन ने जेएलएन मार्ग स्थित 4 संस्थानों में 26 व 27 अगस्त को मतदान दलों के लिए पहला प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया था। इसमें अनुपस्थित रहे कार्मिकों को राहत देते हुए 1 सितंबर को इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान में दोबारा ट्रेनिंग का मौका दिया गया। 9 कार्मिक दोनों ही मौकों पर बिना किसी ठोस कारण के नदारद रहे। राष्ट्रीय महत्व के कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होगी। संतोषप्रद जवाब न मिलने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 134 (1A) के तहत सीधे एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। भवानी निकेतन से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां 18 नगर पालिकाएं : मतदान दल 8 सितंबर को सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन कॉलेज से रवाना होंगे, मतदान 9 सितंबर को होगा। नगर निगम जयपुर : पोलिंग पार्टियां 10 सितंबर को भवानी निकेतन से रवाना की जाएंगी; मतदान 11 सितंबर को होगा।