झुंझुनूं | नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए दाखिल 433 नामांकन पत्रों में से जांच के बाद इनमें से 73 नामांकन निरस्त कर दिए गए हैं। नाम वापसी के पहले दिन बुधवार को दो प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिए हैं। इनमें एक आरएलपी से व एक निर्दलीय उम्मीदवार शामिल है। नाम वापसी का गुरुवार को अंतिम दिन है। इसके बाद ही चुनावी रण तय होगा। किस वार्ड से कौन-कौन प्रत्याशी मैदान में रहेंगे। नाम वापसी के बाद वार्ड 11 में भाजपा व कांग्रेस के बीच आमने-सामने की टक्कर साफ हो गई है। यदि नाम वापसी नहीं होती है तो नगर परिषद के 60 में से पांच वार्ड ऐसे रहेंगे, जहां त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। इनमें 1, 6, 10, 15 व 42 नंबर वार्ड शामिल हैं। 10 वार्ड ऐसे रहेंगे, जिनमें चतुष्कोणीय मुकाबला होगा। इनमें 4, 12, 22, 23, 26, 27, 28, 40, 44 व 46 नंबर वार्ड शामिल हैं। पार्टी में बड़े पद का आश्वासन, दो प्रत्याशियों ने वापस लिया नामांकन : भाजपा से बगावत कर दो प्रत्याशियों ने पार्टी पदाधिकारियों के दबाव में नामांकन वापस ले लिया है। इन्हें पार्टी में बड़े पदों का आश्वासन दिया गया है। वार्ड 49 से भाजपा युवा मोर्चा के शहर महामंत्री कपिल सोनी ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के टिकट पर नामांकन पत्र दाखिल किया था। वार्ड 51 से भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री व पूर्व पार्षद अजय तिवाड़ी ने टिकट नहीं मिलने के कारण निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन जमा करवाया था।