भास्कर न्यूज | सूरजगढ़ नगरपालिका चुनावों में इस बार चेयरमैन का पद सामान्य (ओपन) होने से कई परिवारों से दो-दो लोग चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं वार्ड 13 में सास बहू ने आमने सामने ताल ठोक रखी है। दरअसल इस वार्ड से पूर्व पालिकाध्यक्ष सुरेश शर्मा की पत्नी पूर्व पार्षद सिलोचना देवी व उनके बड़े भाई की पुत्रवधू निवर्तमान पार्षद सुनीता शर्मा दोनों निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं। वहीं सुरेश शर्मा भी वार्ड 24 से निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। इधर वार्ड चार से भाजपा टिकट पर भाजपा के पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष संजय गोयल तथा वार्ड पांच से उनकी पत्नी निवर्तमान पार्षद गिन्नी देवी भाजपा का टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर गई है। इसी तरह वार्ड नौ से गजानंद कटारिया व वार्ड 11 से उनके पुत्र पूर्व पार्षद अंजनी कटारिया दोनों निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। झुंझुनूं | राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकाय चुनाव के परिणाम आने के बाद विजयी उम्मीदवारों के विजय जुलूस निकालने पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इसे लेकर बुधवार को निर्देश जारी किए। इसमें निर्वाचित सदस्य, अध्यक्ष या उपाध्यक्ष विजय जुलूस नहीं निकाल पाएंगे। सभी नगरीय निकायों में आचार संहिता तक यह आदेश प्रभावी रहेगा। आयोग ने यह आदेश मतगणना दिवस 14 सितंबर के साथ निकाय प्रमुख के निर्वाचन 21 सितंबर व उप प्रमुख के चुनाव 22 सितंबर के लिए लागू किया है।