जयपुर में व्यापारी के अपहरण और फिरौती मामले के मास्टरमाइंट को दुबई से गिरफ्तार कर लिया गया है। एजीटीएफ राजस्थान की टीम इंटरपोल की मदद से पकड़कर आरोपी करण आसवानी उर्फ कमल सिंधी को लेकर गुरुवार देर रात जयपुर पहुंची। करण पर खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में व्यापारी नरेन्द्र नाथ दत्ता का पुलिस की वर्दी पहनकर अपहरण किया गया और परिजनों से करोड़ों की फिरौती मांगी गई थी। मामले में उसके साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मास्टरमाइंड करण देश छोड़कर दुबई भाग गया था। अबू धाबी इंटरपोल की मदद से ट्रेस हुआ एडीजी एटीएस, एएनटीएफ व एजीटीएफ दिनेश एमएन ने बताया कि करण आसवानी के दुबई में होने की जानकारी मिलने के बाद एजीटीएफ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस (RCN) जारी कराया गया। इसके बाद एजीटीएफ ने यूएई के अबू धाबी स्थित इंटरपोल से लगातार संपर्क और समन्वय बनाए रखा। 31 अगस्त को दुबई रवाना हुई थी एजीटीएफ टीम आरोपी के डिटेन होने की सूचना मिलते ही उसे भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। 31 अगस्त को एएसपी सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व में एजीटीएफ की टीम जयपुर से दुबई रवाना हुई। टीम में डीएसपी रविंद्र प्रताप, पुलिस निरीक्षक सुनील जांगिड़ और राम सिंह नाथावत की शामिल थे। आवश्यक कानूनी और समन्वय प्रक्रिया पूरी करने के बाद टीम करण आसवानी को अपने कब्जे में लेकर गुरुवार देर रात जयपुर पहुंची। पुलिस की वर्दी पहन व्यापारी का किया था अपहरण खोह नागोरियान थाने में 21 अगस्त 2025 को व्यापारी नरेन्द्र नाथ दत्ता के अपहरण का मामला दर्ज हुआ था। परिवाद के अनुसार नरेन्द्र नाथ दत्ता 20 अगस्त को जयपुर स्थित अपने घर से वैशाली नगर जाने के लिए निकले थे। उनके साथ परिचित और गाड़ी ड्राइवर भी था। बाद में मोबाइल बंद आने पर परिजनों को चिंता हुई। अगले दिन उनके मोबाइल से फोन कर बताया गया कि नरेन्द्र नाथ दत्ता का अपहरण कर लिया गया है और उन्हें छोड़ने के लिए फिरौती की रकम की व्यवस्था करने को कहा गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपहृत व्यापारी नरेन्द्र नाथ दत्ता और उनके ड्राइवर योगेश को सुरक्षित छुड़ा लिया। एक-एक कर पकड़े गए साथी, करण रहा फरार जांच के दौरान पुलिस ने हर्ष गौतम, कनक गांगुली और अजय बेनीवाल उर्फ शाका को गिरफ्तार किया। अनुसंधान में सामने आया कि आरोपियों ने पुलिसकर्मी की वर्दी पहनकर नरेन्द्र नाथ दत्ता सहित अन्य लोगों का अपहरण किया और उन्हें अलग-अलग स्थानों पर बंधक बनाकर रखा था। हर्ष गौतम के कब्जे से अपहृत व्यक्तियों की इनोवा क्रिस्टा बरामद की गई। वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार भी पुलिस ने बरामद की। जांच में आगरा सहित अन्य स्थानों पर अपहृत लोगों को बंधक बनाकर रखने की जानकारी सामने आई। देश छोड़कर दुबई भाग गया था करण जांच में करण आसवानी की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह लगातार फरार रहा। पुलिस जांच में उसके संगठित अपराध के सिंडिकेट से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने न्यायालय से उसके खिलाफ वारंट जारी करवाया। तलाश तेज होने पर पता चला कि करण देश छोड़कर दुबई भाग चुका है। इसके बाद एजीटीएफ ने उसकी तलाश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शुरू की। दुबई से जयपुर लाए गए करण आसवानी से पुलिस इस पूरे अपहरण और फिरौती में पूछताछ करेगी। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -------------- ये खबर भी पढ़िए… जयपुर में प्रॉपर्टी कारोबारी का किडनैप, 2 करोड़ मांगे:पूर्व किराएदार महिला ने दो बेटों संग मिलकर की प्लानिंग; 3 बदमाश गिरफ्तार, 3 फरार जयपुर में एक प्रॉपर्टी कारोबारी को पूर्व किराएदार महिला ने अपने 2 बेटों और गैंग के साथ मिलकर किडनैप कर लिया। इसके बाद परिजनों से 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। पुलिस ने 1700 KM पीछा कर गैंग के मास्टरमाइंड सहित 3 बदमाशों को रविवार को पकड़ लिया। (पढ़िए पूरी खबर)