जयपुर में ड्रग कंट्रोल टीम ने पिछले दिनों की कार्रवाई में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर एक दवा दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया। जबकि चार अन्य दवाई की दुकानों के लाइसेंस कुछ समय के लिए सस्पेंड किए गए है। ड्रग कंट्रोलर अजय फाटक ने बताया कि कार्रवाई पिछले दिनों डीसीओ जयपुर मदन मोहन सिंघल की टीम ने की। टीम ने जयपुर में सांगानेर सदर थाना एरिया में अलग-अलग जगहों पर जाकर दवाईयों की दुकानों की जांच की। यहां दवाइयों के रिकॉर्ड, बेचान के बिल, स्टॉक रजिस्टर, फार्मासिस्ट की उपस्थिति और अन्य डॉक्यूमेंट की जांच की। कई दुकानों पर विजिट में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर पक्ष प्रस्तुत करने का अवसर दिया। जवाब और निरीक्षण में प्रमाणित अनियमितताओं के परीक्षण के बाद कार्रवाई की गई। ड्रग लाइसेंस में अनियमितता मिलने, रिकॉर्ड संधारण में कमी और आवश्यक बिक्री बिल, रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं करने पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।