जयपुर में मंदिर में पूजा करने गई बुजुर्ग महिला (65) से बदमाश ने ठगी कर ली। आरोपी ने खुद को कनाडा निवासी बताया और मंदिर में 11 हजार रुपए दान करने की बात कहकर महिला को झांसे में लिया। इसके बाद आरोपी महिला के साथ उसके घर तक पहुंच गया और खुद के 11 हजार रुपए एक कपड़े में बांधकर उसमें महिला को मंगलसूत्र रखने के लिए कहा। महिला बाद में रुपए देखने गई तो आरोपी साथी के साथ वह कपड़ा लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया। पीड़िता ने जवाहर सर्किल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मंदिर में हुई थी आरोपी से मुलाकात जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश कुमार गुर्जर के अनुसार- पांचशील एन्क्लेव निवासी महिला 1 सितंबर की सुबह करीब 10:45 बजे कॉलोनी के कृष्ण मंदिर में पूजा करने गई थी। इसी दौरान वहां एक अनजान व्यक्ति महिला से मिला। उसने खुद को कनाडा निवासी बताया। आरोपी ने महिला से कहा- मुझे मंदिर में 11 हजार रुपए दान करने हैं। महिला ने उससे कहा- मंदिर के पुजारी को रुपए दे दें। महिला के अनुसार- आरोपी ने पुजारी के वहां मौजूद नहीं होने की बात कहते हुए उससे कहा कि वह रुपए अपने पास रख ले। इसके बाद आरोपी महिला के साथ उसके घर तक पहुंच गया। उसने 11 हजार रुपए एक कपड़े में बांध दिए और महिला से कहा कि इसमें अपना मंगलसूत्र रखकर घर में पूजा की जगह पर रख दें। महिला आरोपी की बातों में आ गई और मंगलसूत्र उसके बताए तरीके से रख दिया। इसके बाद महिला ऊपर जाकर उन रुपए को देखने गई। इसी दौरान आरोपी अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद महिला को ठगी का पता चला। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर आरोपी और उसके साथी की पहचान के प्रयास कर रही है।