जयपुर के मानसरोवर में मकान मालिक की हत्या के आरोपी किराएदार (जूनियर अकाउंटेंट) को शुक्रवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। हत्या के बाद आरोपी रिश्तेदार के घर जाकर छिप गया था। पुलिस ने उसे रिश्तेदार के घर से पकड़ा। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह डरकर भाग गया था। मानसरोवर के रजत पथ निवासी दीपक कुलश्रेष्ठ (54) का गुरुवार शाम मर्डर हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महेश शर्मा का किराए के एडवांस रुपयों और मकान खाली करने को लेकर मालिक दीपक कुलश्रेष्ठ से झगड़ा हुआ था। गुस्से में आकर उसने करीब 4 किलो वजनी सीमेंट की ईंट दीपक के सिर पर मार दी। इससे वह लहूलुहान हालत में निढाल होकर फर्श पर गिर गए और मौत हो गई। 3 साल से किराए पर रह रहा था आरोपी डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज वर्मा ने बताया- दीपक कुलश्रेष्ठ पत्नी से तलाक के बाद मां के साथ रहते थे। गुरुग्राम (हरियाणा) की एक प्राइवेट कंपनी में कंसल्टेंट की नौकरी करते थे। दीपक के रजत पथ पर दो मकान हैं। एक मकान में वे खुद रहते थे और महज 400 मीटर दूर दूसरा मकान है। इस घर को हाउसिंग बोर्ड में जूनियर अकाउंटेंट महेश शर्मा को एग्रीमेंट के साथ पुलिस वेरिफिकेशन करवाकर किराए पर दिया था। पिछले करीब 3 साल से महेश अपनी बहन के साथ इस मकान में किराए पर रह रहा था। मकान खाली कर चाबी देने गया, एडवांस रुपयों पर झगड़ा SHO (मानसरोवर) सतीश चन्द ने बताया- किराएदार महेश ने दो दिन पहले 1 सितंबर को मकान खाली कर दिया था। मकान खाली करने के बाद गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे दीपक को चाबी सौंपने पहुंचा था। दीपक ने महेश को वहां चलने को कहा, जहां महेश किराए पर रहता था। आरोप है कि एडवांस में दिए रुपए पूरे नहीं लौटाने की बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। मकान के पोर्च में झगड़े के दौरान महेश ने नीचे पड़ी करीब 4 KG वजनी सीमेंट की ईंट उठाई। उससे दीपक के सिर पर हमला कर दिया। वार इतना तेज था कि दीपक निढाल होकर गिर गए। उनके सिर से खून बहने लगा। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मकान मालिक की लाश देखकर डर गया था। वह लहूलुहान हालत में शव को पोर्च में पड़ा छोड़कर वहां से भाग निकला। … हादसे से जुड़ी से खबर भी पढ़िए- जयपुर में किराएदार ने सिर फोड़कर की मकान-मालिक की हत्या:पत्थर से किया हमला; घर खाली कराने को लेकर था झगड़ा; फर्श पर मिली लाश