जयपुर नगर निगम चुनावों में नाम वापसी का समय निकलने के साथ ही अब तस्वीर साफ हो गई। 150 वार्डों के लिए अब कुल 723 प्रत्याशी मैदान में डटे हैं, जिनके लिए 11 सितंबर को जनता वोट करेगी। दिलचस्प बात ये है कि इस बार 150 वार्डों में से 17 वार्ड ऐसे हैं जहां केवल दो-दो उम्मीदवार ही मैदान में हैं और उनके बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा। जिला निर्वाचन शाखा से जारी रिपोर्ट देखें तो वार्ड नंबर 41, 42, 45, 49, 52, 53, 60, 83, 90, 91, 94, 122, 123, 129, 131, 142 और 150 ऐसे हैं, जहां केवल 2-2 प्रत्याशी ही बचे हैं। इन 17 वार्डों में नामांकन खारिज होने और नाम वापसी के बाद केवल 2-2 प्रत्याशी ही बचे हैं। इन वार्डों में नेट टू नेट मुकाबला होगा। जबकि 35 वार्ड ऐसे भी हैं, जहां त्रिकोणिय मुकाबला देखने को मिल सकता है। इन 35 वार्डों में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की संख्या 3-3 है। इन वार्डों में रहेगा कठिन मुकाबला, यहां 10 से ज्यादा प्रत्याशी जयपुर नगर निगम में सबसे ज्यादा कड़ा मुकाबला वार्ड संख्या 62 में है, जहां 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके अलावा वार्ड संख्या 130, 16 में प्रत्याशियों की संख्या 11-11 है और वार्ड संख्या 132 में प्रत्याशियों की संख्या 10 है। आज होगा चुनाव चिह्नों का आवंटन इन सभी 723 प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने के लिए निर्वाचन आयोग चुनाव चिह्नों का आवंटन करेगा। बीजेपी, कांग्रेस और अन्य मान्यता प्राप्त क्षेत्रिय और राष्ट्रीय दलों के निर्धारित चुनाव चिह्नों के अलावा निर्वाचन आयोग ने अन्य दूसरे चुनाव चिह्न निर्धारित किए हैं, जिनका आवंटन आज किया जाएगा।