जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में हुई वोटिंग की काउंटिंग 14 सितंबर को होगी। जयपुर स्थित श्री भवानी निकेतन फार्मेसी कॉलेज परिसर में बनाए सेंटर पर काउंटिंग सुबह 8 बजे से शुरू होगी। संभावना है कि 15-15 वार्डों के रिजल्ट एक साथ घोषित किए जाएंगे। काउंटिंग वार्ड बार और रिटर्निंग ऑफिसर (RO) वाइज होगी। थोड़े-थोड़े अंतराल में 15-15 वार्डों का रिजल्ट एक साथ घोषित किया जाएगा। मतगणना का परिणाम उस वार्ड के बूथों की संख्या पर निर्भर करेगा। जहां कम बूथों होंगे उनका वार्डों का रिजल्ट पहले और जहां ज्यादा बूथ है वहां रिजल्ट आने में देरी होगी। वार्ड 62 के इस बूथ पर कल होगी वापस वोटिंग नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या 62 के बूथ संख्या 23 के वोटिंग सेंटर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के कमरा नंबर 4, टीलावाला जगतपुरा में 13 सितंबर को दोबारा वोटिंग होगी। ये वोटिंग सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगी। 11 सितंबर को वोटिंग के दौरान इस बूथ पर फर्जी वोटिंग होने पर हंगामा हो गया। वार्ड से चुनाव लड़ रहे 3 निर्दलीय प्रत्याशियों और कांग्रेस के प्रत्याशी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट को लिखित में शिकायत देकर वोटिंग प्रक्रिया पर आपत्ति जताई है। उनका आरोप था कि इस बूथ पर 150 शिफ्टेड वोटर्स के फर्जी वोट डाले जा रहे है। इस विवाद के बाद निर्वाचन आयोग ने यहां दोबारा पोलिंग करवाने का फैसला किया।