जयपुर में आदर्श नगर थाना पुलिस ने वांटेड स्मैक तस्कर को शुक्रवार दोपहर अरेस्ट किया है। वह लम्बे समय से अपनी पत्नी के साथ मिलकर जयपुर में नशे का कारोबार चला रहा था। 20 दिन पहले स्मैक बेचते पत्नी के अरेस्ट होने पर जयपुर छोड़कर भाग निकला था। पुलिस टीम ने पीछा कर प्रेमिका से मिलने आगरा पहुंचने पर आरोपी स्मैक तस्कर को धर-दबोचा। पुलिस की ओर से फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। DCP (वेस्ट) रंजिता शर्मा ने बताया- स्मैक तस्करी में आरोपी सोनू सांसी (30) पुत्र मुकेश सांसी निवासी वैदपुरी कॉलोनी आमागढ़ कच्‍ची बस्‍ती ट्रांसपोर्ट नगर को अरेस्ट किया गया है। पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के आगरा में दबिश देकर वांटेड स्मैक तस्कर सोनू सांसी को पकड़ा है। जयपुर में आरोपी सोनू सांसी व उसकी पत्नी रेखा के खिलाफ दर्जनों प्रकरण दर्ज है। जयपुर में पिछले लम्बे समय से आरोपी पति-पत्नी नशे का कारोबार चला रहे थे। पत्नी को भेजा जेल 16 जुलाई को ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने स्मैक बेचते आरोपी रेखा सांसी को अरेस्ट किया। जिसके कब्जे से 7.15 ग्राम स्मैक और बिक्री के 17 हजार 200 रुपए बरामद किए गए। पत्नी रेखा के अरेस्ट होने का पता चलने पर आरोपी पति सोनू जयपुर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी रेखा सांसी को कोर्ट में पेश कर जेसी भेज दिया। वॉट्सऐप कॉल का कर रहा था यूज एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले की जांच थानाधिकारी (आदर्श नगर) छगन डांगी को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि फरार आरोपी सोनू के खिलाफ ट्रांसपोर्ट नगर थाने में दर्ज दो प्रकरण में जांच जारी है। जवाहर नगर थाना पुलिस को भी वह लम्बे समय से गच्चा देकर बच रहा है। पुलिस से बचने के लिए वॉट्सऐप कॉल का यूज करता है। दबिश देकर आगरा से पकड़ा थानाधिकारी छगन डांगी की ओर से एक टीम का गठन किया गया। साइबर सेल के कॉन्स्टेबल संजय राहड और कॉन्स्टेबल धर्मेन्द्र यादव व धर्म सिंह की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार तलाश के दौरान पता चला कि आरोपी सोनू कई बार अपनी महिला मित्र और खास दोस्तों से मिलने आगरा जाता है। पुलिस टीम ने सूचना पर उत्तर प्रदेश के आगरा में डेरा डाला। आगरा में प्रेमिका से मिलकर बुआ के घर मथुरा जाने का पता चलने पर दबिश देकर धर-दबोचा।