जयपुर में 3 साल की मासूम बच्ची की आंखों के सामने मां के सुसाइड करने का मामला सामने आया है। विवाहिता कमरे में साड़ी के फंदे पर लटकी मिली। वहीं उसकी 3 साल की बच्ची की रोने-चीखने की आवाज सुनकर परिजन कमरे में आए और महिला को फंदे से उतारा। शिप्रापथ थाना पुलिस ने जयपुरिया हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में महिला के पिता ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के पिता की शिकायत पर सोमवार को पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना राखी से एक दिन पहले 27 अगस्त की है। महिला ने अपने दोनों बच्चों को स्कूल भेज दिया था और पति मुकेश के जॉब पर जाने के बाद सुसाइड किया। शिप्रापथ एसएचओ हितेश शर्मा ने बताया कि मृतका की पहचान मध्य प्रदेश के श्योपुर निवासी सरस्वती राठौर (27) पुत्री रामनिवास के रूप में हुई है। मृतका का पति मेडिकल शॉप पर जॉब करता है। वह अपनी पत्नी और 3 बच्चों के साथ ज्वॉइन फैमिली में रहता था। साड़ी के फंदे से लटकी 27 अगस्त की सुबह करीब 9.30 बजे सरस्वती ने अपनी 3 साल की बच्ची के सामने सुसाइड कर लिया। वह कमरे में फंदे से लटकी मिली। बेटी के रोने की आवाज सुनकर परिजन कमरे में आए, लेकिन कमरा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने और खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो परिजन गेट तोड़कर अंदर गए। परिजनों ने तुरंत फंदे से उतारकर सरस्वती को जयपुरिया हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टर्स ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। राखी पर आने वाली थी घर आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए ससुरालवाले टॉर्चर करते थे। दहेज की मांग को लेकर टॉर्चर शादी के 5 साल तक जारी रहा। छोटे-मोटे झगड़े होने के बाद साल-2025 में दोबारा टॉर्चर करने लगे। बेटी के परेशान होने पर पिता उसे लेकर घर चले गए। करीब 4 महीने पीहर रहने के बाद पति मुकेश किराए से अलग रहने की बात कहकर वापस ले आया। झूठ बोलकर लाकर दोबारा सम्मलित परिवार में ही रखा। प्रॉपर्टी विवाद को लेकर आए दिन परेशान कर मारपीट और मानसिक प्रताड़ित करने लगे। 24 अगस्त को मारपीट करने पर सरस्वती ने अपनी मां को कॉल कर बताया। मां के वापस घर आने की कहने पर राखाबंधन के दिन आने की कहा था। राखी से एक दिन पहले ही ससुरालवालों ने गला घोंटकर उसे मार डाला। मामले में मृतका के पिता रामनिवास ने ससुरालवालों पर गला घोंटकर मारने का आरोप लगाते हुए हत्या का मामला दर्ज करवाया है।