जालोर नगर परिषद और नई बनी सायला नगर पालिका में नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। जालोर के 40 वार्डों के लिए कुल 407 नामांकन जमा हुए, जिनमें सबसे ज्यादा 199 निर्दलीय प्रत्याशियों के हैं। वहीं, सायला के 25 वार्डों के लिए 145 प्रत्याशियों ने 168 नामांकन दाखिल किए हैं। अब नामांकन पत्रों की जांच और 3 सितंबर को नाम वापसी के बाद दोनों निकायों में चुनावी मुकाबले की अंतिम तस्वीर साफ होगी। सोमवार को अंतिम दिन 313 नामांकन जमा हुए। इनमें भाजपा के 119, कांग्रेस के 86, आरएलपी के 2, बसपा का 1 और निर्दलीय प्रत्याशियों के सबसे ज्यादा 199 नामांकन शामिल हैं। पहली बार नगर पालिका बनी सायला में 25 वार्डों के लिए 168 नामांकन सायला को पहली बार नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद यहां पहली बार नगर पालिका चुनाव हो रहे हैं। 25 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अंतिम तिथि तक 145 प्रत्याशियों ने कुल 168 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। सायला नगर पालिका क्षेत्र में कुल 14,730 मतदाता हैं, जिनमें 7,599 पुरुष और 7,131 महिला मतदाता शामिल हैं। भाजपा ने सभी 25 वार्डों में उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि कांग्रेस ने 24 और आरएलपी ने 10 वार्डों में प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। वार्ड-9 में कांग्रेस नहीं उतार सकी प्रत्याशी सायला नगर पालिका का वार्ड संख्या 9 ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है, जहां कांग्रेस अपना प्रत्याशी नहीं उतार सकी। दूसरी ओर कई उम्मीदवारों ने निर्दलीय के रूप में भी नामांकन दाखिल किए हैं। ऐसे में कई वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के साथ आरएलपी तथा निर्दलीय प्रत्याशियों के मैदान में होने से बहुकोणीय मुकाबले के आसार हैं। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 3 सितंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी, जिसके बाद जालोर और सायला में चुनाव लड़ने वाले अंतिम प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो जाएगी।