जालोर में जन्माष्टमी के दिन शुक्रवार रात को बाइक सवार चाचा और भतीजे की मौत हो गई। दोनों जन्माष्टमी पर प्रसाद (मिठाई-फल) लेकर अपने गांव निबलाना लौट रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। SHO मनोज कुमार ने बताया- हादसा बिशनगढ़ थाना क्षेत्र में मांडवला टोल नाके के पास रात को 8:30 बजे हुआ।हादसे में निबलाना निवासी दशरथ (25) पुत्र अर्जुन कुमार मेघवाल और उसके डेढ़ साल के भतीजे हिमांशु पुत्र चंपाराम मेघवाल की मौत हो गई। हिमांशु रोते हुए अपने चाचा के साथ जाने की जिद कर रहा था। सामान लेकर लौटते समय हुआ हादसा SHO ने बताया- दशरथ शुक्रवार को जन्माष्टमी पर रात को मिठाई और फल लेने के लिए बाइक से निकला था। मांडवला टोल नाके के पास अंधेरे में बाइक सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दशरथ और हिमांशु की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को मांडवला की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिए। चाचा के पास ही रहता था हिमांशु दशरथ के चचेरे भाई पापाराम मेघवाल ने बताया- 18 महीने का हिमांशु ज्यादातर अपने चाचा दशरथ के पास ही रहता था। जन्माष्टमी के दिन भी वह चाचा को बाहर जाते देखकर साथ जाने के लिए रोने लगा था। दशरथ गांव में खेती करता था और उसने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी। हिमांशु के परिवार में उसके अलावा दो भाई-बहन है। हिमांशु के पिता किसान है। …. ये खबर भी पढ़ें… रामदेवरा जातरूओं की पिकअप पलटी, 15 घायल: 9 को किया जोधपुर रेफर, गाड़ी का एक्सेल टूटने से हुआ हादसा पाली जिले के रोहट में शनिवार सुबह रामदेवरा जा रही जातरूओं से भरी पिकअप एक्सेल टूटने से पलट गई। हादसा सुबह करीब साढ़े 8 बजे पाली-जोधपुर हाईवे-62 पर लालकी के पास हुआ। पिकअप में सवार करीब 15 जातरू घायल हो गए, इनमें 9 को गंभीर हालत में जोधपुर भेजा गया है। पूरी खबर पढ़ें…