झालावाड़ में जिला कांग्रेस कमेटी एससी विभाग ने शुक्रवार को मिनी सचिवालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद मंच के कथित शुद्धीकरण के विरोध में था। जिलाध्यक्ष हेमन्त बैरवा ने बताया कि पिछले दिनों हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की आमसभा हुई थी। सभा खत्म होने के बाद भाजपा और आरएसएस से जुड़े कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर मंच का शुद्धीकरण किया। कांग्रेस एससी विभाग ने इस घटना को दलित विरोधी मानसिकता का उदाहरण बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। बैरवा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी नागरिकों को समान अधिकार हैं। ऐसे में किसी व्यक्ति की जाति या सामाजिक पहचान के आधार पर भेदभाव गलत है। उन्होंने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ जल्द एफआईआर दर्ज कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने की भी मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक और सामाजिक न्याय की विचारधारा के साथ खड़ी है। वह दलित, वंचित और कमजोर वर्गों के सम्मान के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी। इस दौरान गोपाललाल मेघवाल, छीतर लाल बैरवा, विष्णु दयाल रेगर, एससी विभाग के प्रवक्ता दिनेश मेघवाल, फिरोज खान, दशरथ बैरवा, विजय सिंह, लक्ष्मण, संजय और राजा राम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में नारेबाजी की और दोषियों पर कार्रवाई की मांग दोहराई।