झालावाड़ जिले में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे में जिले में 282 मिलीमीटर (MM) बारिश दर्ज की गई है, जिससे 2 बांध फिर से छलक गए हैं और हजारों क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जिले में पिछले 24 घंटे में सुबह 8 बजे तक 282 MM बारिश हुई। इस साल 1 जनवरी से 4 सितंबर 2026 तक जिले में कुल 9561 MM बारिश हो चुकी है। 3 घंटे तक लगातार हुई बारिश जिलेभर में गुरुवार रात से ही बारिश हो रही है। झालावाड़ शहर में भी रात को रुक-रुक कर अच्छी बारिश हुई। आज सुबह करीब 7:30 बजे से फिर बारिश का दौर शुरू हो गया, जो सुबह करीब 11 बजे तक लगातार जारी रहा। लगातार तेज बारिश के कारण झालावाड़ जिले के 2 बांधों के गेट खोल दिए गए हैं। कंट्रोल रूम के अनुसार, छापी बांध के 4 गेट एक-एक मीटर खोलकर 10870 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसी तरह, कालीसिंध बांध का एक गेट 0.8 मीटर खोलकर 3390 क्यूसेक पानी की निकासी हो रही है। सुबह से हो रही बारिश के कारण शहर की सड़कों पर नालियों से पानी बाहर आकर बह रहा है। भारी बारिश की आशंका, नदी-नालों से दूर रहने की अपील झालावाड़ जिले में आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए ग्राम पंचायत तीतरवासा और खानपुरिया ने ग्रामीणों से खास सावधानी बरतने की अपील की है। पंचायत ने 7 सितंबर तक दिन-रात सतर्क रहने को कहा है। साथ ही, नदी, नाले, तालाब और कुएं के पास जाने से बचने की सलाह दी है। ग्राम पंचायत ने अपील की है कि बारिश के दौरान ग्रामीण अपने परिवार के सदस्यों को भी जलस्रोतों के पास जाने से रोकें। तेज बारिश में नदी-नालों में अचानक पानी का बहाव बढ़ सकता है, जिससे हादसे का खतरा रहता है। ग्रामीणों से खास तौर पर बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखने को कहा गया है। बिजली के पोल और तारों को लेकर भी ग्रामीणों को सावधान किया है। अपील में कहा गया है कि बिजली के पोल से दूरी बनाए रखें। बारिश के दौरान मिट्टी कमजोर होने से पोल गिरने या बिजली के तार टूटने की आशंका रहती है।