झालावाड़ में भारी बारिश की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने शनिवार (5 सितंबर) को जिले के कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित की है। जयपुर मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। इसके बाद जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ के निर्देश पर यह फैसला लिया गया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। आदेश में बताया गया है कि आने वाले समय में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा सबसे ऊपर है। इसी वजह से शनिवार को स्कूलों में छुट्टी रहेगी। हालांकि, शिक्षक और अन्य कर्मचारी अपने तय समय पर स्कूल आएंगे और अपने काम करेंगे। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे भारी बारिश के दौरान बच्चों की सुरक्षा का खास ध्यान रखें। बच्चों को बिना वजह घर से बाहर न भेजें। साथ ही उन्हें नदी, नाले, तालाब और पानी भरे इलाकों से दूर रखें। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग लगातार मौसम पर नजर रख रहे हैं। बारिश की स्थिति को देखते हुए आगे भी जरूरत पड़ने पर फैसले लिए जा सकते हैं। छात्रों और आम लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।