जयपुर में गैस पाइपलाइन में लीकेज हो गया। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। झोटवाड़ा इलाके के कमानी मोड़ चौराहे पर शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जेसीबी से खुदाई के दौरान टोरंटो गैस की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटने के बाद गैस का रिसाव शुरू हो गया था। गैस रिसाव की सूचना मिलते ही झोटवाड़ा थाना पुलिस, सिविल डिफेंस की टीम और अन्य संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई बंद करवाई गई। साथ ही, किसी भी अनहोनी से बचने के लिए पूरे इलाके में यातायात डायवर्ट कर दिया गया और लोगों से मौके से दूर रहने की अपील की गई। पुलिस और प्रशासन ने तत्काल गैस कंपनी को सूचना दी। इसके बाद गैस सप्लाई बंद करवाई गई। झोटवाड़ा थानाधिकारी रेजल सिंह ने बताया- सप्लाई बंद होने के बाद करीब आधे घंटे की मशक्कत में गैस रिसाव को नियंत्रित कर लिया गया। समय रहते गैस सप्लाई बंद होने और पुलिस-प्रशासन की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। रिसाव नियंत्रित होने के बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।