सीकर में मकान से 52 लाख की ज्वेलरी समेत नकदी चोरी करने के मामले में सदर थाना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने तीनों शातिर चोरों को झुंझुनूं में दबिश देकर पकड़ा और चोरी का माल भी बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अजयराज जाट(24) पुत्र हवासिंह ,अरविंद कुमार मेघवाल (23) पुत्र पितराम और जतिन जाट(19) पुत्र दुर्गाप्रसाद शामिल है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुट गई है। 100 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दबोचा सदर थाना SHO पवन कुमार चौबे ने बताया कि भैरूपुरा निवासी जगदीश पचार ने 9 सितंबर को मुकदमा दर्ज करवाया। रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि 8 सितंबर की रात उनकी पत्नी सरोज और बहू आशा अपनी बेटी के साथ कमरे में सो रही थी। चोर उस कमरे से 2 पेटी उठाकर ले गए। जगदीश ने शक जताया कि परिवार के लोगों पर कोई स्प्रे छिड़का होगा, जिससे वह लोग जाग नहीं सके। झुंझुनूं के अलग-अलग एरिया में दबिश देकर चोरों को पकड़ा उन्होंने बताया कि चोरों ने घर से करीब 49 लाख के जेवरात,नगदी सहित कुल 52 लाख का माल चोरी कर लिया। इस रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन किया गया। करीब 100 सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक करने के बाद तीनों को झुंझुनूं के अलग-अलग एरिया में दबिश देकर पकड़ा और उनके कब्जे से चोरी का पूरा माल भी बरामद कर लिया। आरोपियों ने रेकी करके चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों पर पूर्व में कोई भी मुकदमा दर्ज नहीं है। अंदेशा है कि आरोपियों की यह पहली ही चोरी थी। आरोपियों की गिरफ्तारी में ASI संतकुमार, दुर्गाराम,रणवीर, रमेश, गोरधन, खेमचंद की विशेष भूमिका रही।