जोधपुर जिले में ट्यूबवेल से केबल कटिंग कर चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का बिलाड़ा थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक महिला और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में बिलाड़ा के अलावा पीपाड़ शहर, बोरुंदा, भोपालगढ़, खेड़ापा, गोटन और मेड़ता क्षेत्र में भी केबल और लोहे का सामान चुराना स्वीकार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम महेंद्र उर्फ कालू पुत्र पप्पूराम लोहार, निवासी सुवाणा बासनी हरिसिंह, थाना आसोप और दिलकी उर्फ इंदिरा (पत्नी धर्माराम सांसी निवासी आसोप, थाना आसोप है। ट्यूबवेल से केबल काटकर ले गए चोर पुलिस के अनुसार, सम्बाड़िया निवासी सुरेंद्र सिंह पुत्र मानसिंह राजपूत ने 28 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 26 अगस्त को दिन के समय सम्बाड़िया स्थित उनकी ट्यूबवेल से अज्ञात चोर केबल काटकर ले गए। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दोनों को दबोचा एसपी जोधपुर ग्रामीण पंकज यादव के निर्देश पर एएसपी रामेश्वर लाल और डीएसपी मनीष देव विश्वकर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी सवाईसिंह सोढ़ा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। जिनसे पूछताछ में वारदात का खुलासा हुआ। पूछताछ में दोनों ने सम्बाड़िया में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया, इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से चोरी की गई केबल की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।