जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में बीते 24 घंटे के दौरान साइबर ठगी, धोखाधड़ी, अवैध बजरी परिवहन और सड़क हादसों से जुड़े कई मामले सामने आए हैं। ठगों ने शॉपिंग साइट ओएलएक्स पर सस्ते ड्रॉन कमरे का लालच देकर 1.40 लाख रुपए ठग लिए, तो वहीं पुलिस ने अवैध बजरी से भरा डंपर जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़िए जोधपुर में क्राइम से जुड़ी अन्य खबरें। 1. सस्ता ड्रोन-कैमरा का लालच देकर 1.40 लाख की ठगी जोधपुर में साइबर ठगों ने ऑनलाइन सामान बेचने के नाम पर शहर में एक और ठगी को अंजाम दिया है। प्रतापनगर सदर थाने में संजय गांधी कॉलोनी निवासी नरेंद्र कुमार आसेरी ने मामला दर्ज कराया है। पीड़ित के मुताबिक, OLX पर ठगों ने ड्रोन, कैमरा और लेंस सस्ते दामों में देने व पैकिंग-प्रोसेसिंग फीस के नाम पर झांसा देकर कुल 1,40,800 अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए और सामान भी नहीं भेजा। पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 2. लूणी में अवैध बजरी से भरा डंपर जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार लूणी पुलिस ने प्रतिबंधित क्षेत्र से अवैध रूप से बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने एसडीएम कार्यालय के पास नाकाबंदी के दौरान बिना वैध रवन्ने के बजरी भरकर ले जा रहे एक डंपर को पकड़ा। पुलिस ने मौके से आरोपी ड्राइवर सिंगाराम पुत्र मोहब्बतराम (24), निवासी डांवरा बासनी खेड़ापा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस व एमएमडीआर एक्ट में केस दर्ज किया गया है। 3. कार बेचने के नाम पर ठगे रुपए महामंदिर थाने में कार बिक्री के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। चांदपोल निवासी अरुण कुमार व्यास (59) ने आरोपी सौरभ सक्सेना और प्रवीण परिहार के खिलाफ महामंदिर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि दोनों ने कार बेचने का सौदा कर रुपए ऐंठ लिए, लेकिन इसके बाद न तो कार के असली कागजात दिए और न ही गाड़ी प्रार्थी के नाम ट्रांसफर की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 4. दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत डीपी से लगा करंट: एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के उचियारडा में संजय मोतियानी के भाई चंद्रप्रकाश सिंधी की बिजली के ट्रांसफार्मर को छू लेने से करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मोगड़ा में सड़क हादसा: विवेक विहार थाना क्षेत्र के मोगड़ा पुलिया के पास एक अनियंत्रित एमसी चालक ने तेज गति व लापरवाही से गाड़ी चलाकर पैदल चल रही बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।