नगर निकाय चुनाव में टिकट नहीं मिलने से परेशान एक कार्यकर्ता बुधवार को जोधपुर एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मिलकर रोने लगा। शेखावत ने उन्हें गले लगाया और चुप करवाया। कहा- अपन को मस्त रहना है। हम सभी को मिलकर संगठन के लिए काम करना है। दरअसल, धन्नाराम पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। संगठन में भी लंबे समय से सक्रिय हैं। इस बार उन्होंने वार्ड नंबर 10 से टिकट मांगा था। लेकिन किन्हीं वजह से उन्हें टिकट नहीं मिला। केंद्रीय मंत्री ने बागी उम्मीदवारों को लेकर कहा कि मंगलवार से संगठन के पदाधिकारी समेत विधायक और बाकी जनप्रतिनिधि काम कर रहे हैं। भाजपा में ऐसी परिस्थितियां नहीं आएगी। गौरतलब है कि मंगलवार को नामांकन की स्क्रूटनिंग पूरी हो चुकी है। 3 सितंबर को नाम वापसी का आखिरी दिन है। ऐसे में पार्टी ने बागी उम्मीदवारों के मान मनुहार भी शुरू कर दी है। शेखावत बोले- संभावित हार से बचने के लिए गहलोत सरकार ने निगमों को बांटा इस दौरान मीडिया से बातचीत करने हुए शेखावत ने कहा- चुनाव के दिन काम करे भाजपा ऐसा संगठन नहीं है। भाजपा के कार्यकर्ता और संगठन लगातार समाज के लिए काम करते हैं। वहीं, जब बागी उम्मीदवारों को लेकर सवाल पूछा तो उनका कहना था- सभी स्तर के चुनाव में काम करने वाले कार्यकर्ताओं के मन में महात्वाकांक्षा रहती है। पार्टी सभी समीकरणों को देखकर निर्णय लेती है। लेकिन, इस तरह का रोष आना सहज है। सभी से कल से बातचीत करने का सिलसिला शुरू हुआ है। सभी मिलकर काम कर रहे हैं। भाजपा परिवार के तौर पर काम करने वाली है। पार्टी में ऐसी स्थिति नहीं होगी। वहीं, निगम के बंटवारे को लेकर गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा- नगर निकाय चुनाव में साख नहीं बचने वाली है। इसलिए जोधपुर समेत बाकी निगम के दो टुकड़े किए थे। अपनी राजनीतिक से प्रेरित होकर और अपनी संभावित हार से बचने के लिए इस तरह का प्रयत्न किया गया था। लोकतंत्र का मजाक बनाने की कोशिश की। इन निगम चुनाव में भाजपा का बोर्ड बनेगा।