जोधपुर शहर के दो वार्ड इस बार निकाय चुनाव में हॉट सीट बन गए हैं। यहां वार्ड 22 से एक पेशे से डॉक्टर हैं, जो बीजेपी से हैं। वहीं दूसरे बिजनेसमैन, जो कांग्रेस से चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा दूसरे हॉट वार्ड 25 में बीजेपी के दिग्गज के सामने कांग्रेस ने जेन-जी को उतारा है। दोनों हॉट वार्डों में मुकाबला दिलचस्प हो गया है। हालांकि, जोधपुर नगर निगम चुनाव में कई सीटों पर रोचक मुकाबला है। इनमें दोनों दलों के प्रत्याशी दिग्गज आमने-सामने हैं। इन्हीं में से निगम के वार्ड 22 और 25 हॉट सीट बनी हुई हैं। वार्ड नंबर 22 से कांग्रेस ने प्रदीप गांग को मैदान में उतारा है। उनके सामने भारतीय जनता पार्टी की डॉ. सुगंधा गोयल उम्मीदवार हैं। प्रदीप गांग निगम में पहले भी पार्षद रह चुके हैं। इसके साथ ही वे ओसवाल समाज के कई संगठनों में पदाधिकारी के साथ ही बिजनेसमैन भी हैं। गांग कांग्रेस के मेयर पद के दावेदारों में शामिल हैं। प्रदीप गांग के सामने भाजपा ने नया युवा चेहरा डॉ. सुगंधा गोयल को मैदान में उतारा है। डॉ. सुगंधा शहर के जाने-माने सर्जन डॉ. रामगोयल की बेटी हैं। वे पेशे से गायनकोलॉजिस्ट हैं। इनके अलावा तीन और निर्दलीय भी मैदान में डटे हुए हैं। सड़कों की स्थिति और ट्रैफिक मुद्दा वार्डवासियों का कहना है कि यहां सड़कों की स्थिति सही नहीं है। इसके साथ ही इलाके में ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या बनी रहती है। जो भी उम्मीदवार पार्षद बने उसे इन समस्याओं का समाधान करना चाहिए। वार्ड 22 में कुल 6150 वोटर हैं। इनमें 3076 पुरुष और 3074 महिला वोटर हैं। युवा और अनुभवी में मुकाबला वहीं, दूसरी तरफ वार्ड नंबर 25 भी हॉट सीट बनी हुई है। यहां भाजपा के शहर में बड़े नेताओं में शुमार कमलेश पुरोहित का मुकाबला कांग्रेस के युवा चेहरे आनंद राठी से है। कमलेश पुरोहित भाजपा के सीनियर नेता हैं। यूआईटी के चेयरमैन रह चुके हैं। संघ से भी जुड़ाव है। वे भाजपा के मेयर पद के दावेदारों में शामिल हैं। वहीं कांग्रेस ने कमलेश के सामने युवा चेहरे आनंद राठी को मैदान में उतारा है। वे नया चेहरा हैं। उनके पिता कांग्रेस के नेता रहे हैं। आनंद कांग्रेस के जेन जी चेहरों में शामिल हैं। उनका ट्रेवल्स का बिजनेस है। ऐसे में युवा चेहरे और अनुभवी नेता के बीच यहां मुकाबला रोचक हो गया है। इनके अलावा तीन निर्दलीय भी मैदान में डटे हुए हैं। वार्ड 25 में 5477 वोटर हैं। इनमें 2942 पुरुष वोटर और 2535 महिला वोटर हैं।