करौली में नगर निकाय चुनाव के तहत शुक्रवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह दिए गए। चुनाव चिन्ह मिलते ही प्रत्याशी प्रचार के लिए निकल पड़े, जिससे प्रचार में तेजी आ गई है। रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) राकेश कुमार रावत ने तय प्रक्रिया के तहत प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह दिए। चुनाव चिन्ह लेने के लिए सुबह से ही कई प्रत्याशी कलेक्ट्रेट पहुंच गए थे। इससे उपजिला कलेक्टर कक्ष के सामने काफी भीड़ जमा हो गई। रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष से वार्डवार प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह दिए गए। इसके बाद प्रत्याशियों की सूची भी बाहर लगाई गई। भाजपा को कमल और कांग्रेस को हाथ का चुनाव चिन्ह मिला। इनके अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों को अलग-अलग चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। इनमें अलमारी, गुब्बारा, सेब और चप्पल जैसे चिन्ह शामिल हैं। करौली नगर परिषद के 55 वार्डों में 325 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। शुक्रवार को चुनाव चिन्ह मिलने के बाद वार्डों में प्रत्याशियों ने प्रचार तेज कर दिया है। प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं से संपर्क करते दिखे। कांग्रेस-भाजपा के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी भी अपने चुनाव कार्यालय खोल रहे हैं। निकाय चुनाव के पहले चरण में पार्षद पद के लिए 9 सितंबर को मतदान होगा। यह मतदान नगर परिषद क्षेत्र के 66 मतदान केंद्रों पर होगा। करौली नगर परिषद के कुल 55 वार्डों में 60 हजार 614 मतदाता हैं।