करौली जिले में तेज रफ्तार मिनी बस की टक्कर से बाइक सवार पति-पत्नी समेत 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा श्रीमहावीरजी थाना इलाके में दुब्बी रोड पर बुधवार सुबह 8:30 बजे हुआ। हादसे से गुस्साए परिजनों और लोगों ने सड़क पर शव रखकर करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 12 बजे पुलिस के समझाने के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम कराने को सहमत हुए। एक्सीडेंट के बाद ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। देखिए, हादसे से जुड़ी PHOTOS… रिश्तेदार के साथ बाइक पर जा रहे थे पति-पत्नी पिलौदा थाना इलाके के किशोरपुरा गांव के भगवत (60), उनकी पत्नी भगवानी कोली (55) और हिंडौन सदर थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव निवासी रिश्तेदार लक्ष्मी नारायण कोली (28) की मौत हुई है। पति-पत्नी रिश्तेदार लक्ष्मी नारायण के साथ बाइक पर बालघाट की ओर जा रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार में आ रही मिनी बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही बालघाट थाना, श्रीमहावीरजी थाना और हिंडौन पुलिस मौके पर पहुंची। हिंडौन से अतिरिक्त एसपी और डीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। शवों को सड़क पर रखकर प्रदर्शन मृतकों के परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर इकट्‌ठा हो गए। उन्होंने शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। वे बस ड्राइवर की गिरफ्तारी और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाया और स्थिति को कंट्रोल किया।