कोटा में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तरफ बंद मकान से चोरी हुए करीब 25 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात 24 घंटे से भी कम समय में बरामद कर लिए, वहीं अपहरण और हनीट्रैप के मामले में फरार चल रही 5 हजार रुपए की इनामी आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई किशोरपुरा थाना क्षेत्र में हुई। बजरंग बस्ती निवासी तेजप्रकाश वर्मा 28 अगस्त को परिवार के साथ राखी मनाने ससुराल गए थे। 31 अगस्त की सुबह वापस लौटे तो घर के बेडरूम में सामान बिखरा मिला और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। अलमारी और दीवान में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। रिपोर्ट पर किशोरपुरा थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करवाया और एमओबी टीम से साक्ष्य जुटाए। चोरी का समय और आरोपी के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं थी। पुलिस ने परिजनों और पड़ोसियों से गहन पूछताछ की। पुलिस ने 24 घंटे से कम समय में चोरी गए सभी जेवर फरियादी की छत से बरामद कर लिए गए। बरामद सोने के आभूषणों का वजन करीब 140 ग्राम और चांदी के आभूषणों का वजन करीब 1100 ग्राम है। इनकी बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी की तलाश जारी है। दूसरी कार्रवाई अनंतपुरा थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने अपहरण और हनीट्रैप के मामले में वांछित 39 वर्षीय रुबीना को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मई 2026 में एक महिला ने लोन दिलाने के बहाने परिवादी को पेट्रोल पंप पर बुलाया था। बाद में वह उसकी कार में बैठकर झालावाड़ रोड की तरफ गई। रास्ते में उसके साथियों ने कार रुकवाकर परिवादी से मारपीट की, चाकू दिखाकर धमकाया और झूठे बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद उसे कार में बैठाकर अंता और बारां ले जाया गया और एटीएम से जबरन 95 हजार रुपए निकलवाए गए। मामले में फरार रुबीना पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने आसूचना तंत्र और मुखबिरों की मदद से उसे 1 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ और अनुसंधान जारी है।