कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र के भदाना इलाके में चार साल पुराने विवाद को लेकर एक युवक ने अपने जीजा पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में राजेंद्र वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायल राजेंद्र वर्मा ने बताया कि करीब चार पांच साल पहले उन्होंने एक युवती से शादी की थी। कुछ साल बाद दोनों अलग हो गए, जिसके बाद उन्होंने दूसरी शादी कर ली। राजेंद्र का आरोप है कि पहली पत्नी के भाई विजय ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उन पर हमला किया। राजेंद्र के मुताबिक आरोपियों ने गर्दन और सीने पर चाकू से वार किए। हमले के दौरान आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। उनका कहना है कि यदि समय पर लोग नहीं पहुंचते तो विजय उनकी जान ले सकता था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल राजेंद्र को अस्पताल पहुंचाया गया। राजेंद्र ने बताया कि उनके और विजय के बीच कोई मौजूदा विवाद नहीं था। चार साल पहले जो विवाद हुआ था, वह पहले ही खत्म हो चुका था। इसके बावजूद विजय पुरानी रंजिश रखे हुए था और इसी के चलते उस पर हमला किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।