कोटा में चार साल पुराने विवाद को लेकर एक युवक ने जीजा पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में राजेंद्र वर्मा के गर्दन और सीने पर घाव हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शहर के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र के भदाना इलाके में यह वारदात हुई। घायल राजेंद्र वर्मा ने बताया- करीब चार पांच साल पहले मैंने एक युवती से शादी की थी। कुछ साल बाद दोनों अलग हो गए। इसके बाद मैंने दूसरी शादी कर ली। राजेंद्र का आरोप है कि पहली पत्नी के भाई विजय ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर मुझ पर हमला किया। बीच-बचाव कर लोगों ने बचाया राजेंद्र के मुताबिक- आरोपियों ने गर्दन और सीने पर चाकू से वार किए। हमले के दौरान आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कर मुझे बचाया। उनका कहना है कि यदि समय पर लोग नहीं पहुंचते तो विजय मेरी जान ले सकता था। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल राजेंद्र को अस्पताल पहुंचाया गया। अब कोई विवाद नहीं था राजेंद्र ने बताया कि मेरे और विजय के बीच कोई विवाद नहीं था। चार साल पहले जो विवाद हुआ था, वह पहले ही खत्म हो चुका था। इसके बावजूद विजय पुरानी रंजिश रखे हुए था। इसी के चलते मुझ पर हमला किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।