कोटपूतली पुलिस ने जाली करेंसी चलाने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रविवार शाम को 2 लाख 17 हजार 500 रुपए मूल्य के 500-500 रुपए के 435 जाली नोट बरामद किए हैं। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पिछले दो दिनों में कोटपूतली बाजार में जाली नोट चलाकर 74 हजार 440 रुपए की असली करेंसी हासिल की थी। 40 हजार में खरीदे 4 लाख के जाली नोट आरोपियों की पहचान बहरोड़ सदर निवासी निशीकांत गुप्ता (40) और राहुल सैन (22) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर 40 हजार रुपए की असली करेंसी देकर लगभग 4 लाख रुपए की जाली करेंसी प्राप्त करते थे। आगामी निकाय एवं पंचायती राज चुनावों के मद्देनजर पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ा रखी थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दोनों युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 435 जाली नोट मिले। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोटपूतली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये जाली नोट कहां तैयार होते थे, आरोपियों को ये किससे मिलते थे और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।