कोटपूतली के जयसिंहपुरा गांव में बिजली विभाग की लापरवाही से हादसा हो गया। खेत में लगे ट्रांसफार्मर पोल के सपोर्टिंग तार (तान) में करंट आने से करंट की चपेट में आकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। उसे बचाने पहुंचे दो रिश्तेदार भी झुलस गए। खेत में काम के दौरान लगी करंट की चपेट जयसिंहपुरा निवासी बूलाराम (66) सुबह अपने घर के पास स्थित गाजर के खेत में काम कर रहे थे। तभी खेत की मेड़ पर लगे विद्युत ट्रांसफार्मर पोल के सपोर्टिंग तार (तान) में करंट आ गया। इसकी चपेट में आने से बूलाराम झुलस गए। उन्हें बचाने पहुंचे उनके साले के बेटे राजेंद्र और भतीजी पूनम भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया ग्रामीणों ने तीनों घायलों को बेहोशी की हालत में राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने बूलाराम (66) को मृत घोषित कर दिया। राजेंद्र और पूनम का इलाज जारी है। ग्रामीणों में गुस्सा, लापरवाही का आरोप घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर गुस्सा है। ग्रामीणों का आरोप है कि खराब तारों और डीपी की ठीक से देखरेख नहीं होने से इलाके में ऐसे हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और घायलों को मुआवजा देने की मांग की है।