कोटपूतली में स्वीप कार्यक्रम के तहत पीएम श्री जवाहर नवोदय स्कूल पावटा में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त एवं जिला प्रभारी सचिव वी. सरवन कुमार शामिल हुए। उन्होंने छात्रों, अध्यापकों और मौजूद लोगों को मतदान के महत्व की जानकारी दी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की अहम भूमिका है। उन्होंने छात्रों से जागरूक मतदाता के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने और परिवार के साथ आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से आगामी चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। पौधारोपण और सेल्फी प्वाइंट से दिया संदेश कार्यक्रम के दौरान संभागीय आयुक्त ने पौधारोपण किया। इसके जरिए पर्यावरण संरक्षण के साथ लोकतांत्रिक भागीदारी का संदेश दिया गया। उन्होंने मतदाता जागरूकता के लिए बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाई। इसका उद्देश्य लोगों को मतदान के प्रति जागरूक रहने और अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना रहा। संभागीय आयुक्त ने छात्रों , अध्यापकों और मौजूद लोगों को मतदान करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने की शपथ दिलाई। मौजूद लोगों ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने मताधिकार का जिम्मेदारी से उपयोग करने का संकल्प लिया। इस दौरान छात्रों ने बड़ी मानव कलाकृति बनाकर मतदान जागरूकता का संदेश भी दिया। ये अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर सोहन सिंह नरुका, उपखंड अधिकारी पावटा बृजेश चौधरी, जिला स्वीप नोडल एवं एसीईओ डॉ. गोपाल मीणा, तहसीलदार पावटा लोकेंद्र मीणा और तहसीलदार कोटपूतली रामधन गुर्जर सहित कई अधिकारी, विद्यार्थी और अध्यापक मौजूद रहे।