उदयपुर में 6 दिन पहले युवक की हत्या मामले में परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार को भी उसका शव नहीं उठाया। मृतक के परिजन और ग्रामीण थाने के सामने गांधी मैदान पर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। कोटड़ा थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन पर उमेश पुत्र उदा गमार निवासी गांधीसरना धौलीनहरी को आरोपियों ने छुरी मार दी थी। इससे वह गंभीर घायल हो गया था। परिजनों ने कहा- पुलिस 6 दिन में भी हत्यारों को पकड़ने में नाकाम रही। जब​ तक आरोपी नहीं पकड़े जाते, हम शव नहीं उठाएंगे। पुलिस कई बार परिजनों से बातचीत कर चुकी है, लेकिन वार्ता विफल रही। आरोपियों ने छुरी से की थी हत्या रक्षाबंधन पर्व पर शुक्रवार शाम को कोटड़ा मुख्यालय के स्वरूपगंज मार्ग पर किसी बात को लेकर उमेश और आरोपियों का झगड़ा हुआ था। झगड़े में उमेश पर हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को कोटड़ा हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर घायल को उदयपुर एमबी हॉस्पिटल रेफर किया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। लीड के आधार पर खुलासे की कोशिश में जुटे हैं: डीएसपी चुंडावत डीएसपी डूंगरसिंह चुंडावत ने बताया- आरोपियों का नामजद करने का प्रयास जारी है। आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए उनकी पहचान की कोशिश कर रहे हैं। आरोपी भी स्थानीय हैं। ऐसे में आसपास लोगों से भी पूछताछ ​की जा रही है। पुलिस को अपने सोर्स से कुछ लीड मिली है। उसके अनुसार आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। मौके पर कोटड़ा थानाधिकारी प्रभुलाल मीणा, मांडवा थानाधिकारी मुगलाराम, उपनिरीक्षक खेमराज और पानरवा थानाधिकारी शब्बीर खान द्वारा समझाइश के प्रयास जारी हैं। इनपुट: शहीद खान पठान, कोटड़ा