नगर निकाय चुनाव-2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया जारी है। शनिवार को नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन लालसोट, रामगढ़ पचवारा और मंडावरी नगर निकायों में प्रत्याशियों ने उत्साह के साथ पर्चे दाखिल किए। तीनों निकायों में कुल 119 उम्मीदवारों ने 147 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। लालसोट नगर परिषद के 35 वार्ड पार्षद पदों के लिए शनिवार को 72 उम्मीदवारों ने 99 नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही दो दिनों में लालसोट में कुल 80 उम्मीदवारों ने 112 नामांकन पत्र जमा कर दिए हैं। एक से अधिक नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के कारण उम्मीदवारों और नामांकन पत्रों की संख्या में अंतर है। रामगढ़ पचवारा में भरे गए 22 पर्चे रामगढ़ पचवारा नगर पालिका के 20 वार्डों के लिए शनिवार को 22 उम्मीदवारों ने 22 नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन के दौरान निर्वाचन कार्यालय में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही बनी रही। मंडावरी में 25 उम्मीदवारों ने भरे 26 नामांकन मंडावरी नगर पालिका के 20 वार्ड पार्षद पदों के लिए शनिवार को 25 उम्मीदवारों ने कुल 26 नामांकन पत्र दाखिल किए। यहां भी एक प्रत्याशी द्वारा एक से अधिक पर्चा दाखिल करने के कारण उम्मीदवारों और नामांकन पत्रों की संख्या में अंतर रहा। नामांकन प्रक्रिया के आगे बढ़ने के साथ ही तीनों नगर निकायों में चुनावी तस्वीर धीरे-धीरे स्पष्ट हो रही है। अंतिम तिथि तक नामांकन की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।