नेशनल कमीशन फॉर इण्डियन सिस्टम ऑफ मेडिसिन (एनसीआईएसएम) नई दिल्ली ने सत्र 2026-27 के लिए देशभर के 254 आयुर्वेद कॉलेजों की मान्यता सूची जारी कर दी है। इसमें राजस्थान के 9 राजकीय एवं राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान शामिल हैं। जोधपुर स्थित यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ आयुर्वेद तथा जयपुर स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए) समेत प्रदेश के कॉलेजों में इस सत्र के लिए स्नातक (यूजी) की कुल 645 सीटों और स्नातकोत्तर (पीजी) की 305 सीटों पर दाखिले को मंजूरी दी गई है। देशभर में 600 से ज्यादा आयुर्वेद कॉलेजों में 40 हजार से अधिक सीटें हैं। एनसीआईएसएम द्वारा जारी इस सूची में मध्य प्रदेश के 21, उत्तर प्रदेश के 59, हरियाणा के 5 तथा देश के अन्य राज्यों के कॉलेजों को भी मान्यता दी गई है। किसे-कितनी सीटे मिलीं राजस्थान के मान्यता प्राप्त 9 संस्थानों में सबसे प्रमुख केंद्र जोधपुर का यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ आयुर्वेद (राजस्थान आयुर्वेद यूनिवर्सिटी) है, जहां यूजी की 125 (इडब्ल्यूएस सहित) तथा पीजी की 100 सीटें स्वीकृत की गई हैं। वहीं, जयपुर स्थित डीम्ड यूनिवर्सिटी राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए) को यूजी की 125 और पीजी की सर्वाधिक 130 सीटें मिली हैं। उदयपुर के मदन मोहन मालवीय राजकीय आयुर्वेद कॉलेज में यूजी की 75 सीटें तथा पीजी की 75 सीटें स्वीकृत हुई हैं। 6 जिलों के कॉलेजों को मिलीं 60-60 सीटें: प्रदेश के 6 राजकीय आयुर्वेद कॉलेजों को यूजी (बीएएमएस) की 60-60 सीटें मिली हैं। इनमें जयपुर के राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय प्रताप नगर सहित बीकानेर, सीकर, कोटा, भरतपुर और केकड़ी (अजमेर) के कॉलेज शामिल हैं। इन कॉलेजों में कुल 360 यूजी सीटों पर प्रवेश होगा।