ब्यावर जिले के मसूदा में दो दिन से लापता भाई-बहन के शव तालाब में मिले। मसूदा थाना क्षेत्र की देवास ग्राम पंचायत के देदपुरा गांव में यह घटना रविवार को हुई। दोनों बच्चे अपनी मां के साथ गांव में रक्षाबंधन मनाने आए थे। जानकारी के अनुसार- जीवाना गांव निवासी शंकर सिंह की पत्नी प्यारी देवी रक्षाबंधन मनाने पीहर देदपुरा गांव आई थी। वह अपने बेटी रीना कुमारी (7) और बेटे नरेंद्र सिंह (5) को भी साथ लाई थी। घर से 28 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजे दोनों बच्चे अचानक लापता हो गए थे। बच्चों के लापता होने के बाद परिजनों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस और परिजन दो दिनों से क्षेत्र में बच्चों की तलाश में जुटे हुए थे। गांव के तालाब में दोनों बच्चों के शव रविवार को तैरते मिले। सूचना के बाद मसूदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया। बाद में पोस्टमॉर्टम करवाया और शव परिजन के सौंप दिए। शंकर सिंह और प्यारी देवी मजदूरी करते हैं। इनपुट-अविनाश सैन, मसूदा