निकाय चुनाव-2026 को लेकर मेड़ता शहर में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। पार्षद पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शनिवार को उपखंड और तहसील कार्यालयों में कुल 52 नामांकन दाखिल किए गए। इनमें कई ऐसे दावेदार भी शामिल रहे, जिन्होंने राजनीतिक दल के नेताओं के साथ-साथ निर्दलीय के तौर पर भी नामांकन पत्र भरा है। मेड़ता में नामांकन के लिए वार्डों को दो हिस्सों में बांटा गया है। वार्ड 1 से 20 तक के नामांकन उपखंड कार्यालय में और वार्ड 21 से 40 तक के नामांकन तहसील कार्यालय में लिए गए। उपखंड कार्यालय में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार के समक्ष 28 नामांकन दाखिल हुए। वहीं तहसील कार्यालय में डेह तहसीलदार बाबूलाल के समक्ष वार्ड 21 से 40 तक के 24 दावेदारों ने पर्चे भरे। प्रत्याशियों के साथ समर्थकों के पहुंचने से कचहरी परिसर में दिनभर चहल-पहल बनी रही। सोमवार को नामांकन का आखिरी मौका रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण नामांकन प्रक्रिया नहीं होगी। अब सोमवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम मौका रहेगा। अंतिम दिन बड़ी संख्या में दावेदारों के पर्चे दाखिल करने की संभावना है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के साथ मेड़ता के 40 वार्डों में चुनावी मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होगी।