नगर परिषद चुनाव में प्रत्याशियों के नामांकन के साथ दाखिल शपथ पत्रों से उनकी संपत्ति की तस्वीर सामने आई है। चार प्रमुख उम्मीदवारों के शपथ पत्रों के मुताबिक वार्ड-11 से भाजपा प्रत्याशी राजेश बाबल का परिवार करीब 4.71 करोड़ रुपए की घोषित संपत्ति के साथ सबसे संपन्न है। इसके बाद गुलजारीलाल शर्मा का परिवार करीब 3.40 करोड़, मनु धनखड़ का 2.92 करोड़ और वीरेंद्र डारा का परिवार करीब 2.12 करोड़ रुपए की संपत्ति रखता है। इनके शपथ पत्रों में कृषि भूमि, प्लॉट, दुकानें, एफडी, शेयर, कंपनियों में निवेश, वाहन और लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण भी दर्ज हैं। राजेश बाबल के परिवार की कुल संपत्ति करीब 4.71 करोड़ रुपए
वार्ड-11 से भाजपा प्रत्याशी राजेश बाबल चारों उम्मीदवारों में सबसे अधिक संपत्ति वाले प्रत्याशी हैं। उनके शपथ पत्र के अनुसार उनके नाम 1 करोड़ 52 लाख 16 हजार 216 रुपए की चल संपत्ति है, जबकि पत्नी के पास 32 लाख 52 हजार 261 रुपए की चल संपत्ति है। अचल संपत्ति में राजेश बाबल के नाम 1 करोड़ 71 लाख रुपए और पत्नी के नाम 1 करोड़ 15 लाख 54 हजार 900 रुपए की संपत्ति दर्ज है। इस तरह परिवार की कुल घोषित संपत्ति करीब 4 करोड़ 71 लाख रुपए बैठती है। शपथ पत्र में उनके नाम 75 लाख रुपए की एफडी, पति-पत्नी दोनों के नाम 50-50 लाख रुपए का कंपनियों में निवेश, करीब 31 लाख रुपए के वाहन, स्वयं के पास 26.65 लाख रुपए और पत्नी के पास 28.60 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण घोषित हैं। बैंक खातों में भी लाखों रुपए जमा हैं। अचल संपत्ति में कृषि भूमि और जमीन का हिस्सा सबसे अधिक है। चारों में सबसे अधिक व्यक्तिगत चल संपत्ति भी राजेश बाबल के नाम दर्ज है। वीरेंद्र डारा के पास कृषि भूमि, दुकानें और जमीन में बड़ा निवेश
वार्ड-9 से प्रत्याशी वीरेंद्र डारा ने अपने नाम 32 लाख 52 हजार 496 रुपए और पत्नी के नाम 38 लाख 79 हजार 381 रुपए की चल संपत्ति घोषित की है। अचल संपत्ति में उनके नाम 1 करोड़ 40 लाख 55 हजार रुपए की संपत्ति है। इसमें कृषि भूमि, खरीदी गई जमीन और दुकानें प्रमुख हैं। परिवार की कुल घोषित संपत्ति करीब 2 करोड़ 12 लाख रुपए है। वीरेंद्र डारा के पास 12 लाख रुपए और पत्नी के पास 7 लाख रुपए का वाहन है। स्वयं के पास 15 लाख रुपए और पत्नी के पास 30 लाख रुपए के स्वर्ण आभूषण घोषित किए गए हैं। बैंक खातों, नकदी और बीमा पॉलिसियों का भी शपथ पत्र में उल्लेख है। चारों शपथ पत्रों को देखें तो अधिकांश उम्मीदवारों की सबसे बड़ी पूंजी कृषि भूमि, प्लॉट, दुकानें और अन्य अचल संपत्तियां हैं। लगभग सभी ने लाखों रुपए के सोने के आभूषण घोषित किए हैं। बैंक खातों, एफडी, बीमा पॉलिसियों, शेयरों और कंपनियों में निवेश भी बड़ी मात्रा में सामने आया है। एक समान बात यह भी सामने आई कि कई मामलों में पत्नी के नाम पति से अधिक चल संपत्ति दर्ज है। गुलजारीलाल शर्मा के परिवार की संपत्ति करीब 3.40 करोड़ रुपए
गुलजारीलाल शर्मा चारों प्रत्याशियों में दूसरे सबसे संपन्न उम्मीदवार हैं। उन्होंने शपथ पत्र में अपने नाम 92 लाख 48 हजार 441 रुपए की चल संपत्ति घोषित की है, जबकि पत्नी के नाम 1 करोड़ 11 लाख 99 हजार 769 रुपए की चल संपत्ति दर्ज है। अचल संपत्ति 1 करोड़ 35 लाख 75 हजार रुपए की है। इस तरह परिवार की कुल घोषित संपत्ति करीब 3 करोड़ 40 लाख रुपए है। उनके बैंक खातों में 70.64 लाख रुपए और पत्नी के खातों में 22.24 लाख रुपए जमा हैं। स्वयं के नाम 20.65 लाख रुपए और पत्नी के नाम 18.20 लाख रुपए की बीमा पॉलिसियां हैं। पत्नी के पास 503 ग्राम सोने के आभूषण हैं, जिनकी कीमत 67.51 लाख रुपए, जबकि 500 ग्राम चांदी की कीमत 2.50 लाख रुपए घोषित की गई है। उनकी अचल संपत्ति में भी जमीन का हिस्सा सबसे अधिक है। मनु धनखड़ के परिवार के नाम करीब 2.92 करोड़ रुपए की संपत्ति
वार्ड-49 से भाजपा प्रत्याशी और विधायक राजेंद्र भांबू के दामाद मनु धनखड़ ने अपने नाम 39 लाख 22 हजार 84 रुपए की चल संपत्ति घोषित की है, जबकि पत्नी के नाम 1 करोड़ 40 लाख 20 हजार 155 रुपए की चल संपत्ति दर्ज है। अचल संपत्ति में मनु धनखड़ के नाम 43 लाख रुपए और पत्नी के नाम 70 लाख रुपए की संपत्ति है। इस तरह परिवार की कुल घोषित संपत्ति करीब 2 करोड़ 92 लाख रुपए है। शपथ पत्र के अनुसार मनु धनखड़ के पास 25 लाख रुपए के शेयर और पत्नी के पास 50 हजार रुपए के शेयर हैं। पत्नी के नाम करीब 12.47 लाख रुपए का वाहन दर्ज है। पत्नी के पास 500 ग्राम सोने के आभूषण हैं, जिनकी कीमत 73 लाख रुपए, जबकि 200 ग्राम चांदी की कीमत 1.30 लाख रुपए घोषित की गई है। चारों उम्मीदवारों में पत्नी के नाम सबसे अधिक चल संपत्ति भी मनु धनखड़ के परिवार में दर्ज है।