नागौर में चोरी की वारदातों पर रोक नहीं लग पा रही है। दिल्ली दरवाजा रोड स्थित एक मोबाइल शॉप को चोरों ने लगातार तीसरी बार निशाना बनाया। अज्ञात चोर दुकान के बाहर लगे एसी कंप्रेसर के पाइप चोरी कर फरार हो गए। इस दुकान में इससे पहले भी दो बार एसी के पाइप चोरी हो चुके हैं। इन दोनों मामलों में पुलिस अब तक चोरों का पता नहीं लगा पाई है। तीसरी बार चोरी होने के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में नाराजगी और चिंता बढ़ गई है। लगातार ऐसी घटनाओं के बाद शहर में एसी कंप्रेसर और पाइप चोरी करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की आशंका भी जताई जा रही है। रात में चोरी, सुबह दुकानदार को पता चला जानकारी के अनुसार, चोर रात के अंधेरे में दुकान के बाहर पहुंचे। उन्होंने एसी कंप्रेसर से जुड़े पाइप चोरी किए और वहां से फरार हो गए। सुबह दुकानदार के दुकान पहुंचने पर चोरी का पता चला। पीड़ित दुकानदार अनिल ने बताया कि उनकी दुकान से यह तीसरी बार एसी पाइप चोरी हुए हैं। इससे पहले हुई दोनों चोरी की शिकायत पुलिस को दी गई थी, लेकिन अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। अब एक बार फिर उसी दुकान को निशाना बनाए जाने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। लगातार चोरी से व्यापारियों में चिंता दिल्ली दरवाजा रोड क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं से व्यापारी परेशान हैं। व्यापारियों का कहना है कि एक ही दुकान को बार-बार निशाना बनाया जाना गंभीर मामला है। व्यापारियों के मुताबिक, चोरी की घटनाओं के बाद अब रात में होने वाली पुलिस गश्त और कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। कोतवाल बोले- नशेड़ी भी कर सकते हैं ऐसी चोरी कोतवाली थाना प्रभारी नंदलाल रिणवा ने बताया कि एसी पाइप चोरी की घटनाओं में नशेड़ियों का हाथ होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग थोड़े पैसों के लिए छोटी-मोटी चोरी की वारदात कर सकते हैं। हालांकि, असली स्थिति पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है और चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।