नागौर नगर परिषद के 60 वार्डों में नामांकन का सोमवार को अंतिम दिन होने से चुनावी हलचल तेज हो गई है। अब तक 135 उम्मीदवार 191 नामांकन फॉर्म जमा कर चुके हैं और अंतिम दिन बड़ी संख्या में और पर्चे दाखिल होने की संभावना है। भाजपा कार्यालय में टिकट दावेदारों की भीड़ जुटी है, जबकि कांग्रेस कार्यालय पर सुबह तक ताला लगा रहा। दोनों प्रमुख दलों ने अभी तक अधिकृत प्रत्याशियों की सूची और चुनाव चिह्न जारी नहीं किए हैं। नामांकन दोपहर 3 बजे तक जमा होंगे। BJP कार्यालय में भीड़, कांग्रेस दफ्तर पर ताला भाजपा कार्यालय के बाहर सुबह से ही कार्यकर्ताओं और टिकट के दावेदारों की भीड़ नजर आई। समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। वहीं, कांग्रेस कार्यालय के मुख्य गेट पर सुबह करीब 10 बजे तक ताला लगा मिला। दोनों दलों में प्रत्याशियों के नामों को लेकर अंतिम दौर का मंथन चल रहा है। 135 उम्मीदवारों के 191 फॉर्म जमा नागौर नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए अब तक 135 उम्मीदवारों ने कुल 191 नामांकन फॉर्म जमा करवाए हैं। शनिवार सुबह 10:30 से दोपहर 3 बजे तक 134 उम्मीदवारों ने 188 फॉर्म जमा किए थे। इसके बाद अब तक कुल 135 उम्मीदवारों के 191 फॉर्म जमा हो चुके हैं। नामांकन के दौरान सभापति पद की दौड़ में शामिल कई दावेदार भी समर्थकों के साथ पहुंचे और शक्ति प्रदर्शन किया। अंतिम दिन बड़ी संख्या में और नामांकन दाखिल होने की संभावना है।