नीमराना में नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। शनिवार देर रात पुलिस अधिकारियों और जवानों ने कस्बे में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस दौरान पुलिस ने मुख्य कृष्ण टावर, होली टीबा बाजार सहित प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया। नीमराना डीएसपी केके यादव ने चुनाव आचार संहिता का जिक्र करते हुए प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को बाहरी लोगों तथा वाहनों की गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरतने और आचार संहिता का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। पुलिस ने मतदाताओं से बिना डरे शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं, प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फ्लैग मार्च में एसडीएम कुलदीप शेखावत, तहसीलदार डॉ. विक्रम सिंह, डीएसपी कृष्ण यादव, थाना अधिकारी सुरेंद्र यादव सहित पुलिस के जवान शामिल रहे।