नगर पालिका चुनाव-2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया तेज हो गई है। शनिवार को नाम निर्देशन प्रक्रिया के दूसरे दिन कुल 13 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। रिटर्निंग ऑफिसर गंभीर सिंह ने बताया कि अब तक 247 आवेदन पत्रों की बिक्री हो चुकी है। नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त है, ऐसे में अंतिम दिन बड़ी संख्या में दावेदारों के पर्चे दाखिल करने की संभावना है। शनिवार को भाजपा की ओर से वार्ड संख्या 12 से मनोज पाटनी, वार्ड 16 से मांगीलाल महावर, वार्ड 19 से सीता देवी और दीपू सैनी ने नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा वार्ड 21 से विनिता करनानी, वार्ड 24 से परसराम कुमावत तथा वार्ड 32 से संतोष शर्मा और सुमन सैनी ने भी भाजपा प्रत्याशी के रूप में पर्चे भरे। कांग्रेस और निर्दलीयों ने भी भरे पर्चे कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 1 से बनवारीलाल बैरवा ने नामांकन दाखिल किया। वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों में वार्ड 24 से परसराम कुमावत, वार्ड 13 से भागचन्द, वार्ड 16 से मांगीलाल महावर और वार्ड 32 से रेखा सैनी ने पर्चे भरे। परसराम कुमावत और मांगीलाल महावर ने भाजपा के साथ निर्दलीय नामांकन भी दाखिल किया है। अंतिम दिन बढ़ेगी नामांकन की गहमागहमी रिटर्निंग ऑफिसर गंभीर सिंह के अनुसार, अब तक 247 आवेदन पत्र बिक चुके हैं, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित है। ऐसे में सोमवार को बड़ी संख्या में दावेदारों के नामांकन दाखिल करने की उम्मीद है। अंतिम दिन एसडीएम कार्यालय में चुनावी गतिविधियां और गहमागहमी बढ़ने की संभावना है।