नोखा निकाय चुनाव-2026 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) यानी सीपीआई(एम) ने नोखा नगरपालिका के सभी 45 वार्डों के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी के सभी उम्मीदवार 31 अगस्त तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। ओबीसी ओपन वर्ग के लिए आरक्षित है सभापति पद नोखा नगरपालिका के अध्यक्ष/सभापति का पद ओबीसी ओपन वर्ग के लिए आरक्षित है। निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष नारायण झंवर वार्ड नंबर 37 से चुनाव मैदान में उतरेंगे। वहीं उनकी पत्नी संतोष झंवर वार्ड नंबर 32 से चुनाव लड़ेंगी। नारायण झंवर के नेतृत्व वाले विकास मंच ने इस बार कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के साथ चुनावी गठबंधन किया है। मंच की ओर से नगरपालिका के सभी 45 वार्डों में प्रत्याशी उतारे जाएंगे। सभी उम्मीदवार एक ही चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे। इस चुनाव में विकास मंच के प्रत्याशियों को सीपीआई(एम) का चुनाव चिह्न ‘हंसिया, हथौड़ा और सितारा’ मिलेगा। मंच का प्रमुख उद्देश्य सभी वार्डों में अपने प्रत्याशियों को एक समान चुनाव चिह्न के साथ मैदान में उतारना है। सीपीआई(एम) के प्रत्याशियों की सूची 2005 से बन रहा है विकास मंच का बोर्ड नोखा नगरपालिका में वर्ष 2005 से लगातार विकास मंच का बोर्ड बनता आ रहा है। पिछले निकाय चुनाव में मंच ने एनसीपी के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़कर बोर्ड बनाया था। इस बार मंच ने सीपीआई(एम) के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है। नारायण झंवर का परिवार लंबे समय से नोखा की राजनीति में सक्रिय रहा है। उनके पिता के.एल. झंवर नोखा से विधायक रह चुके हैं और कई बार नोखा नगरपालिका के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।