भीलवाड़ा | शिक्षक दिवस पर एमएलवी कॉलेज में इस बार सिर्फ शिक्षक सम्मान या औपचारिक कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि कॉलेज पहली बार अकादमिक ज्ञान और उपलब्धियों को प्रदर्शनी के रूप में रखेगा। शुक्रवार को MLV @360° : स्पेक्ट्रम-स्पार्क-ज्ञान संपदा आयोजन में भारतीय ज्ञान परंपरा, मनीषियों और अलग-अलग विभागों की शैक्षणिक उपलब्धियां एक ही परिसर में देखने को मिलेंगी। कॉलेज के सभी विभागों के विद्यार्थी भारतीय ज्ञान परंपरा और उसके मनीषियों पर आधारित प्रदर्शनी तैयार करेंगे। वहीं विभाग अपनी पुस्तकें, शोध पत्र, शोध ग्रंथ और अन्य अकादमिक उपलब्धियां भी प्रदर्शित करेंगे। आयोजन का दूसरा प्रमुख आकर्षण खुला गुरु-शिष्य संवाद होगा। शिक्षक दिवस के मौके पर विद्यार्थी और शिक्षक खुले मंच पर संवाद करेंगे। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार करीब 5 हजार नियमित एवं पूर्व विद्यार्थियों, सेवानिवृत्त प्रोफेसरों और शहर के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के शामिल होने की संभावना है। इससे पूर्व विद्यार्थियों और वर्तमान पीढ़ी को भी एक मंच पर आने का अवसर मिलेगा। मुख्य अतिथि ओस्तवाल ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के वाइस प्रेसिडेंट राजेंद्र ओस्तवाल होंगे। विशिष्ट अतिथियों में प्रमुख शिक्षाविद एवं पूर्व प्राचार्य डॉ. श्यामसुंदर भट्ट, प्रोफेसर बीएल मालवीय और संगम विश्वविद्यालय के डीन प्रोफेसर राजकुमार चतुर्वेदी शामिल होंगे। कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा। इसके बाद शिक्षक-विद्यार्थी संवाद सहित विभिन्न गतिविधियां होंगी। आयोजन संयोजक डॉ. मनीष रंजन ने बताया कि कार्यक्रम हिंदी विभाग एवं इतिहास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है।