सदर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9.90 ग्राम मादक पदार्थ एमडी के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लग्जरी कार भी जब्त की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि वे एमडी कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई कहां करने जा रहे थे। सदर थाना SHO कपूराराम चौधरी ने बताया कि थाना क्षेत्र के रूपावास रोड पर पुलिस की नाकाबंदी चल रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक लग्जरी कार को आते देखा और रुकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार, कार चालक ने रुकने के बजाय कार को पणिहारी की ओर दौड़ा दिया। इस पर पुलिस टीम ने पीछा कर मंडली के पास कार को रोक लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें 9.90 ग्राम एमडी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। मामले में पाली की गरीब नवाज कॉलोनी निवासी फरदीन खान(25) पुत्र फारूक खान तथा मणिहारी (जेतपुर) हाल पाली के आशापुरा नगर निवासी 25 वर्षीय मनोज पुत्र भीमाराम को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर एमडी की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।